बंगाल की सियासत गरम: बीजेपी का बड़ा हमला, ‘परिवर्तन तय’ का दावा- TMC नेता की घर वापसी भी सुर्खियों में

 
Bengal Election News: पश्चिम बंगाल की राजनीति में चुनावी हलचल के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सत्तारूढ़ दल पर तीखा हमला बोला है। कोलकाता स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष और सांसद समिक भट्टाचार्य ने राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।

‘बंगाल बदलाव चाहता है’
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य की जनता अब धार्मिक ध्रुवीकरण, तुष्टिकरण की राजनीति और कट्टरता से बदलाव चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमावर्ती इलाकों में जनसांख्यिकीय बदलाव और अवैध घुसपैठ गंभीर मुद्दे बन चुके हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी “Detect, Delete, and Deport” की नीति पर कायम है और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा।

टीएमसी को झटका, नेता ने थामा BJP का हाथ
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम साझा करते हुए बताया कि पूर्वस्थली क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य स्वपन भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर दोबारा बीजेपी जॉइन कर ली है। इसे राज्य की बदलती सियासत का संकेत बताया जा रहा है।

भ्रष्टाचार और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल
राहुल सिन्हा ने राज्य में हालिया भ्रष्टाचार मामलों का जिक्र करते हुए प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की सख्ती के बाद अब वोटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ रही है, जिससे राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी घेरा
उन्होंने RG कर अस्पताल से जुड़े मामले का हवाला देते हुए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी चिंता जताई और इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया।

‘जनता देगी जवाब’
बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता बदलाव के पक्ष में वोट करेगी और इसका असर चुनावी नतीजों में साफ दिखेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी ने साफ संदेश दिया, बंगाल में सियासी मुकाबला अब और तेज होने वाला है, जहां आरोप-प्रत्यारोप के बीच ‘परिवर्तन’ सबसे बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।