Bihar Election 2025: बिहार में पहले चरण की वोटिंग आज, 18 जिलों की 121 सीटों पर 3.75 करोड़ मतदाता करेंगे सियासी भविष्य तय

Bihar Election 2025: तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई दिग्गजों की किस्मत आज EVM में बंद होगी
 

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की राजनीतिक जंग अपने पहले पड़ाव पर पहुँच गई है। आज यानी गुरुवार को पहले चरण की वोटिंग जारी है। राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। इस चरण में लगभग 3.75 करोड़ मतदाता 1314 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। यह चरण इसलिए भी अहम है क्योंकि इनमें तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, और श्रवण कुमार जैसे बड़े नाम मैदान में हैं।

121 सीटों पर सियासी जंग, 10 सीटों पर मुकाबला सबसे हॉट

पहले फेज की 121 सीटों में से 104 सीटों पर सीधा मुकाबला, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई देखने को मिल रही है। बिहार की कुल 243 सीटों में से यह चुनाव दो चरणों में हो रहा है और परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

तेजस्वी यादव की अपील- “हर हाल में करें मतदान”

मतदान से पहले महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर जनता से भावुक अपील की। उन्होंने लिखा- “बिहार की नियति आपके एक वोट से तय होगी। लोकतंत्र, संविधान और मानवीयता के हित में मतदान जरूर करें। सबसे पहले मतदान, बाकी सब काम बाद में।”

तेजस्वी ने खासतौर पर युवा मतदाताओं, पहली बार वोट डालने वालों, महिलाओं, किसानों और प्रवासी मजदूरों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलकर मतदान करें।

पटना में वोटिंग- 48 लाख मतदाता और 5,677 केंद्र

राजधानी पटना की 14 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। यहाँ कुल 149 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले में 5,677 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें: 
    •    541 महिला केंद्र,
    •    49 आदर्श केंद्र,
    •    14 दिव्यांग (PwD) केंद्र, और
    •    3 युवा मतदान केंद्र शामिल हैं।

पटना में 48.30 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 25.47 लाख पुरुष, 22.82 लाख महिला और 157 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं।

डीएम त्यागराजन का बयान- “हर बूथ पर तीन-स्तरीय सुरक्षा”

पटना जिला प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। डीएम त्यागराजन ने बताया- “हर बूथ पर CAPF बल, स्टेटिक सर्विलांस टीम और जिला बल तैनात हैं। 100 मीटर की परिधि में धारा 144 जैसी कड़ी व्यवस्था लागू है। वेबकास्टिंग और मोबाइल प्रतिबंध प्रणाली भी सक्रिय की गई है।”

कौन-कौन मैदान में

पहले चरण में गठबंधनों के बीच मुकाबला दिलचस्प है:

NDA गठबंधन
    •    जदयू – 57 सीटें
    •    भाजपा – 48 सीटें
    •    लोजपा (रामविलास) – 13 सीटें
    •    रालोमो – 2 सीटें
    •    हम (जीतन राम मांझी) – 1 सीट

महागठबंधन
    •    राजद – 72 सीटें
    •    कांग्रेस – 24 सीटें
    •    भाकपा (माले) – 14 सीटें
    •    वीआईपी और CPI – 6-6 सीटें
    •    CPM – 3 सीटें
    •    IIP – 2 सीटें

कुछ सीटों पर सहयोगी दलों के बीच फ्रेंडली फाइट भी देखने को मिल रही है।