Bihar Election 2025: सारण में लोकतंत्र का पर्व बना उत्सव- रिकॉर्ड 63% मतदान, प्रशासन के चेहरे पर आई मुस्कान
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में सारण जिले ने लोकतंत्र के इस महापर्व को उत्साह और शांति के साथ मनाया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ती रही। महिलाओं से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक हर वर्ग ने लोकतंत्र के इस पर्व को उत्सव में बदल दिया। नतीजा यह रहा कि सारण में औसतन 63% मतदान दर्ज हुआ, जो अब तक का रिकॉर्ड है।
मतदान बना लोकतंत्र का त्योहार
सुबह से ही जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें दिखीं। मतदाताओं ने अपने अधिकार का उपयोग करते हुए जोश और जिम्मेदारी दोनों का परिचय दिया।
जैसे-जैसे वोट प्रतिशत बढ़ता गया, जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारियों के चेहरों पर संतोष और मुस्कान झलकने लगी। शाम को मतदान खत्म होने के बाद जिलाधिकारी अमन समीर और एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
63% से अधिक मतदान- पिछले चुनावों से बेहतर
डीएम अमन समीर ने बताया कि इस बार का मतदान प्रतिशत पिछले विधानसभा चुनाव से 6 से 8 प्रतिशत अधिक रहा है।
उन्होंने कहा- “सारण की जनता ने एक बार फिर साबित किया है कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के उत्साह में बसती है।”
फाइनल रिपोर्ट शुक्रवार को निर्वाचन आयोग को सौंपी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक को छोड़कर कहीं से कोई बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
अधिकारियों ने भी किया मतदान
सुबह मतदान की शुरुआत में ही आयुक्त राजीव रोशन, डीएम अमन समीर और एसएसपी डॉ. कुमार आशीष ने अपनी पत्नियों के साथ मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया। इससे जनता में उत्साह और बढ़ गया।
विधानसभा क्षेत्रों का मतदान प्रतिशत
सारण जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत इस प्रकार रहा:
“वोट की बारिश” से खिला लोकतंत्र
सारण में जिस तरह मतदाताओं ने ‘वोट की बारिश’ की, उसने साफ कर दिया कि जनता बदलाव और विकास के प्रति सजग है। हर बूथ पर लोगों की एक ही भावना दिखी “हमारा वोट, हमारा अधिकार- यही लोकतंत्र की असली पहचान।” सारण ने एक बार फिर साबित किया कि जब जनता जागरूक होती है, तो लोकतंत्र सिर्फ प्रक्रिया नहीं, एक जश्न बन जाता है।