बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस पर चिराग पासवान का तंज-“किसी को मनाया गया होगा, किसी को डराया गया होगा”
Bihar political news: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होते ही अब सभी दलों ने प्रचार की रफ़्तार तेज़ कर दी है। इसी बीच आज महागठबंधन (INDIA गठबंधन) की प्रेस कांफ्रेंस ने सियासी हलचल और बढ़ा दी है।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान महागठबंधन के नेताओं ने साझा रणनीति और सीटों पर चर्चा की, लेकिन इस बीच केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान का बयान सुर्खियों में आ गया।
चिराग पासवान ने प्रेस कांफ्रेंस पर तंज कसते हुए कहा, “किसी को इस प्रेस कांफ्रेंस के लिए मनाया गया होगा, तो किसी को डराया गया होगा।”
उन्होंने तेजस्वी यादव के सीएम फेस बनने पर भी निशाना साधा। चिराग ने कहा कि “एक व्यक्ति (तेजस्वी यादव) का चेहरा पोस्टर में दिख रहा है। ये एक क्षेत्रीय दल के नेता की तस्वीर है, जबकि राष्ट्रीय नेताओं की तस्वीरें गायब हैं।”
पासवान के इस बयान से राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है। एनडीए और महागठबंधन, दोनों ही खेमों में बयानबाज़ी का दौर तेज़ हो गया है। बिहार में पहले चरण के मतदान से पहले, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप की सियासी जंग अब और दिलचस्प मोड़ लेती दिख रही है।