जंगलराज से जनकल्याण तक- भागलपुर में मोदी बोले, नीतीश ने बदली बिहार की पहचान

 

Bihar chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता मंत्री गिरिराज सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत एनडीए के सभी उम्मीदवार मौजूद रहे। जनसभा में उमड़ी भीड़ ने “मोदी-मोदी” के नारों से पूरा मैदान गूंजा दिया।

“2005 से पहले बिहार की पहचान थी कट्टा और कुशासन”

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, “2005 से पहले बिहार की पहचान कट्टा, क्रूरता और कुशासन से होती थी।
उस दौर में जंगलराज वाले खुद को शहंशाह समझते थे, लेकिन नीतीश कुमार ने बिहार को उस अंधकार से बाहर निकाला।” उन्होंने कहा कि आज का बिहार विकास, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

“भागलपुर दंगा था कांग्रेस शासन के कुशासन की पहचान”

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में भागलपुर दंगे का ज़िक्र करते हुए कहा कि, “भागलपुर दंगा कांग्रेस शासन की विफलता और कुशासन का प्रतीक था।
जिन्होंने बिहार को हिंसा और अराजकता की आग में झोंका, वे आज फिर सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं।” मोदी ने कहा कि बिहार की जनता बहुत समझदार है और अब वे भय और भ्रष्टाचार की राजनीति में लौटने वाले नहीं हैं।

“बिहार का विकास केवल NDA सरकार में संभव”

पीएम मोदी ने जनता से अपील की कि बिहार के विकास का सिलसिला जारी रखने के लिए एनडीए प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा- “एनडीए सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। हमारी सरकार ने गांव से लेकर शहर तक विकास की गंगा बहाई है। यही बिहार के सुनहरे भविष्य की गारंटी है।”

“लाखों की भीड़ ने दिखाया विश्वास”

भागलपुर और बांका जिले से उमड़ी लाखों की भीड़ ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। पूरा मैदान “भारत माता की जय” और “मोदी-नीतीश जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए थे, जिससे जनसभा शांतिपूर्ण और सफल तरीके से संपन्न हुई।