धन और जन का संगम: बिहार चुनाव के पहले चरण में 178 करोड़पति मैदान में, बरबीघा से सबसे अमीर तो आरा से सबसे गरीब उम्मीदवार!

 

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: पहले चरण में ‘धनबल’ का जलवा- 73% उम्मीदवार करोड़पति, बरबीघा के कुमार पुष्पंजय सबसे अमीर, आरा के क्यामुद्दीन सबसे गरीब

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से पहले एक दिलचस्प खुलासा हुआ है। उम्मीदवारों के शपथ पत्रों से साफ़ हो गया है कि इस बार मैदान में अमीर उम्मीदवारों की भरमार है।
चुनाव आयोग को सौंपी गई जानकारियों के मुताबिक, 18 जिलों की 121 सीटों पर उतरे उम्मीदवारों में से 73 फीसदी यानी 178 प्रत्याशी करोड़पति हैं। सिर्फ 65 उम्मीदवार (करीब 35%) की संपत्ति एक करोड़ रुपये से कम है।

एनडीए आगे, इंडिया गठबंधन थोड़ा पीछे

राजनीति में ‘धनबल’ का मुकाबला इस बार भी दिलचस्प हो गया है। एनडीए (NDA) के पास सबसे ज़्यादा करोड़पति उम्मीदवार हैं- 92 प्रत्याशी करोड़पति निकले हैं। वहीं, महागठबंधन (इंडिया गठबंधन) के 86 उम्मीदवारों की संपत्ति एक करोड़ रुपये से ऊपर है।

लखपति उम्मीदवारों की संख्या 64 बताई गई है, जिनमें 35 इंडिया गठबंधन और 29 एनडीए से हैं। दिलचस्प बात यह है कि इंडिया गठबंधन के लखपतियों में 14 उम्मीदवार वामपंथी दलों से हैं।

बरबीघा के कुमार पुष्पंजय सबसे अमीर, आरा के क्यामुद्दीन सबसे गरीब

पहले चरण में बरबीघा सीट से जदयू के कुमार पुष्पंजय सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। उनके पास 71.57 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। वहीं, आरा विधानसभा सीट से माले के क्यामुद्दीन अंसारी सबसे गरीब उम्मीदवार हैं उनकी कुल संपत्ति मात्र ₹37,000 बताई गई है। क्यामुद्दीन के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है और परिवार के नाम पर भी कुछ नहीं दर्ज है।

पहले चरण के ‘टॉप-5’ अमीर उम्मीदवार

1. कुमार पुष्पंजय (जदयू, बरबीघा) – ₹71.57 करोड़
2. देव कुमार चौरसिया (राजद, हाजीपुर) – ₹67 करोड़
3. सिद्धार्थ सौरभ (भाजपा, बिक्रम) – ₹42.87 करोड़
4. अरुण कुमार गुप्ता (राजद, बड़हरिया) – ₹40.9 करोड़
5. अनंत सिंह (जदयू, मोकामा) – ₹37.88 करोड़

गरीब उम्मीदवारों की सूची भी कम दिलचस्प नहीं

हायाघाट से माकपा के श्याम भारती के पास कुल ₹39,000 की संपत्ति है- 
उनके पास सिर्फ एक पुरानी मोटरसाइकिल दर्ज है। हालाँकि, उनकी पत्नी के नाम पर ₹2.36 लाख चल और ₹55.63 लाख अचल संपत्ति दर्ज है।

वहीं, अगिआंव से भाजपा के महेश पासवान ने केवल ₹55,000 की चल संपत्ति बताई है, जबकि उनके पास ₹8 लाख मूल्य की कृषि भूमि है। दरौली सीट से लोजपा (रा) के विष्णुदेव पासवान की कुल संपत्ति ₹3.62 लाख दर्ज है।

चुनाव में धनबल बनाम जनबल की जंग

बिहार के पहले चरण की तस्वीर अब साफ़ है- इस चुनाव में धनबल और जनबल दोनों का संगम देखने को मिलेगा। एक ओर करोड़ों की संपत्ति वाले उम्मीदवार चुनावी ताक़त दिखा रहे हैं, तो दूसरी ओर कुछ नेता सिर्फ विचारधारा और जनता के भरोसे के दम पर मैदान में उतरे हैं।