बिहार चुनाव परिणाम से पहले पोस्टर वार तेज़ — जदयू में जश्न तो राजद ने नीतीश कुमार को कहा “अलविदा चाचा”
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक पहले राजधानी पटना में पोस्टर पॉलिटिक्स अपने चरम पर है। एक ओर जहां जदयू कार्यालय के बाहर नीतीश कुमार की जीत की उम्मीद में जश्न का माहौल है, वहीं राजद कार्यालय के बाहर व्यंग्य और तंज से भरे पोस्टर चर्चा में हैं।
जदयू के कार्यकर्ता और समर्थक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को “टाइगर” बताते हुए पोस्टर लगा रहे हैं। इन पोस्टरों पर लिखा गया है-“टाइगर अभी ज़िंदा है, नीतीश कुमार सबका संरक्षण हैं।”
दूसरी ओर, राजद कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टरों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। इन पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीरों के साथ लिखा गया है-“अलविदा चाचा! सिंहासन खाली करो कि तेजस्वी सरकार आ रही है।”
इस पोस्टर में तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, लालू प्रसाद यादव और मुलायम सिंह यादव की तस्वीरें भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर धर्मवीर यादव के नाम से लगाया गया है और अब यह पोस्टर पटना की सड़कों से लेकर राजद दफ्तर तक हर जगह दिखाई दे रहा है।
एग्जिट पोल में भले ही एनडीए को बढ़त मिलती दिख रही हो, लेकिन राजद ने इन सर्वे नतीजों को सिरे से खारिज कर दिया है। अब सबकी निगाहें कल आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं जो यह तय करेंगे कि बिहार की सत्ता पर कौन काबिज होगा।