नेपाल में भीषण सड़क हादसा, छठ पर घर लौट रहे 10 लोगों की मौत, 3 गंभीर
लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने घर लौट रहे लोगों की खुशियां एक दर्दनाक सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानीगढ़ी के पास हुआ, जहां काठमांडू से सर्लाही जा रही एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकतर सर्लाही जिले के रहने वाले थे। हालांकि, काफी देर तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जा सकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, मधेस प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे काठमांडू से सर्लाही के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान चिसापानीगढ़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार 10 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस कार्यालय मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम खत्री समेत नेपाल पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद बचाव दल ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।
तीनों गंभीर घायलों को तत्काल उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर हेटौंडा लाया जा रहा है।
बताया जाता है कि हादसे वाली जगह इलाका प्रहरी कार्यालय भीमफेदी से करीब आठ किलोमीटर उत्तर में स्थित है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि छठ महापर्व को देखते हुए नेपाल के काठमांडू समेत विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। इसी बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की पर्व की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया।