बिहार विधान परिषद में 10 नए सदस्यों ने ली शपथ, सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

 

Bihar news: बिहार विधान परिषद के उप निर्वाचन 2026 और द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 में निर्विरोध निर्वाचित 10 नए सदस्यों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। पटना स्थित विधान परिषद उपभवन सभागार में आयोजित समारोह में विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।

इन 10 सदस्यों ने ग्रहण की शपथ

शपथ लेने वालों में भाजपा के अनिल ठाकुर, पवन सिंह, संजय प्रकाश और शीला पंडित, जनता दल (यू) के ललन प्रसाद, निशांत, डॉ. भारती मेहता और शिवरानी देवी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अशरफ अंसारी तथा राष्ट्रीय जनता दल के डॉ. सुनील कुमार सिंह शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत महामहिम राज्यपाल द्वारा जारी निर्वाचन अधिसूचना के वाचन से हुई। विधान परिषद के प्रभारी सचिव शंकर कुमार ने अधिसूचना पढ़कर सुनाई, जिसके बाद शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई।

समारोह में जुटे सत्ता और विपक्ष के दिग्गज

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधान परिषद के उपसभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय समेत कई मंत्री, विधायक और विधान पार्षद मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मंत्री विजय कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार जायसवाल, लेसी सिंह, श्रवण कुमार, संजय सिंह (टाइगर) और लखिंदर पासवान भी शामिल हुए। वहीं, विपक्ष की ओर से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सदन में नई पारी की शुरुआत

शपथ ग्रहण के साथ ही सभी 10 नवनिर्वाचित सदस्य अब आधिकारिक रूप से बिहार विधान परिषद की कार्यवाही में भाग लेने के पात्र हो गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले सत्रों में ये सदस्य विभिन्न विधायी और जनहित के मुद्दों पर अपनी भूमिका निभाएंगे।

यह शपथ ग्रहण समारोह बिहार विधान परिषद की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है, जिसमें सत्ता और विपक्ष दोनों के नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया।