दानापुर में अग्निवीरों की शानदार पासिंग आउट परेड, 1025 जवानों ने देश सेवा की ली शपथ
जैसे ही जवान कदम से कदम मिलाते हुए हाका द्वार से परेड मैदान पहुंचे, वहां मौजूद लोगों की निगाहें उन पर टिक गईं। अग्निवीरों के चेहरों पर भारतीय सेना का हिस्सा बनने का गर्व साफ दिखाई दे रहा था। इस ऐतिहासिक मौके के गवाह उनके माता-पिता और परिवार के सदस्य भी बने, जिनकी आंखों में गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।
पासिंग आउट परेड का निरीक्षण बिहार रेजिमेंट के कर्नल ऑफ रेजिमेंट सह असम राइफल्स के सहायक निदेशक मेजर जनरल जय सिंह बैंसल ने किया। उन्होंने सलामी लेने के बाद अग्निवीरों को संबोधित करते हुए कहा कि देश सेवा का अवसर हर किसी को नहीं मिलता और सेना में शामिल होना गर्व की बात है। उन्होंने जवानों से तिरंगे की शपथ को हमेशा याद रखने और मातृभूमि की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में तैयार रहने की अपील की।
मेजर जनरल ने कहा कि 24 सप्ताह की कठिन बेसिक और एडवांस मिलिट्री ट्रेनिंग को पूरी निष्ठा, मेहनत और अनुशासन के साथ पूरा करने के लिए सभी अग्निवीर बधाई के पात्र हैं। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जहां भी उनकी तैनाती हो, वहां बिहार रेजिमेंट और देश का नाम ऊंचा करें।
इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सम्मानित भी किया गया। बेस्ट फायरिंग में अग्निवीर दयाराम चिछम, बेस्ट पीटी में अग्निवीर निर्मल नागेशिना, बेस्ट ड्रिल और बेस्ट अग्निवीर का सम्मान गुलाब धुर्वे को मिला। सम्मान समारोह में उनके माता-पिता को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
परेड के अंत में अग्निवीरों ने देश की सुरक्षा, सम्मान और जरूरत पड़ने पर मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने की शपथ ली। धार्मिक शिक्षकों और सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में यह शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ।
इस मौके पर बिहार रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर राकेश कुमार बोरा, कर्नल अंकुर कुमार यादव, लेफ्टिनेंट कर्नल अंकुर कुमार मिश्रा, सूबेदार मेजर विपिन कुमार प्रधान समेत कई सैन्य अधिकारी, एनसीसी कैडेट, छात्र और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।