बिहार में बनेगी 12 नई स्मार्ट सैटेलाइट टाउनशिप, ₹1 लाख करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट पर सरकार-HUDCO के बीच हुआ समझौता
Bihar news: बिहार में शहरी विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग और HUDCO (हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड) के बीच 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी समझौता (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे बिहार के शहरी विकास के इतिहास का एक ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में आधुनिक ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इन टाउनशिप में लोगों को बेहतर आवास, आधुनिक सड़कें, पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक केंद्र और अन्य विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना में किसानों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। लैंड पूलिंग मॉडल के तहत जमीन देने वाले किसानों को साझेदार बनाया जाएगा। साथ ही, जो किसान मुआवजे का विकल्प चुनेंगे, उन्हें आवेदन के 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि HUDCO के माध्यम से इस परियोजना में 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जबकि करीब 6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश निजी और संस्थागत क्षेत्र से आने की उम्मीद है। उनका कहना था कि इस मेगा प्रोजेक्ट से बिहार में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लक्ष्य पर काम कर रही है। इस परियोजना के जरिए राज्य में शहरीकरण की दर को 35 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि HUDCO के साथ हुआ यह समझौता बिहार को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग तथा HUDCO की ओर से मुख्यमंत्री का पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।