125 यूनिट मुफ्त बिजली का असर: बिहार में नया कनेक्शन लेने वालों की बाढ़, 20 दिनों में 50,000 से ज्यादा आवेदन

 

Patna: मुख्यमंत्री द्वारा 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा के बाद पूरे बिहार में लोग तेजी से घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं। बीते 20 दिनों में 50,000 से अधिक आवेदन बिजली विभाग को मिले हैं। अकेले पटना शहर से ही 1,528 नए आवेदन दर्ज हुए हैं।

आवेदन में 50% तक की बढ़ोतरी
बिजली विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पहले जहां हर दिन औसतन 800 से 1000 आवेदन आते थे, वहीं अब यह संख्या 1,500 के पार पहुंच गई है। पटना इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई यूनिट (PESU) क्षेत्र में यह वृद्धि सबसे ज्यादा देखी गई है।

क्या कह रहे हैं अधिकारी?
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के महाप्रबंधक (राजस्व) अरविंद कुमार ने साफ निर्देश दिए हैं कि अब हर नए कनेक्शन से पहले साइट इंस्पेक्शन यानी परिसर की जांच अनिवार्य होगी।
इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई व्यक्ति फर्जी दस्तावेजों के आधार पर योजना का गलत फायदा न उठा सके।

कौन से दस्तावेज देने होंगे?
नए कनेक्शन के लिए निम्न दस्तावेजों की आवश्यकता होगी:

  • रजिस्टर्ड सेल डीड
  • पार्टिशन डीड
  • किरायानामा (रेंट एग्रीमेंट)
  • वारिस प्रमाण-पत्र
  • वसीयत
  • सरकारी क्वार्टर की अनुमति
  • लीज डीड (यदि कोई हो)

एक परिवार, एक कनेक्शन
बिजली विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि एक ही परिवार को एक ही पता पर एक ही कनेक्शन मिलेगा। यदि पहले से परिवार के किसी सदस्य के नाम पर कनेक्शन है, तो उसी पते पर नए कनेक्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

फ्री बिजली किसे और कैसे मिलेगी?

  • हर महीने 125 यूनिट तक बिजली फ्री
  • इससे ज्यादा की खपत पर सामान्य दर से बिल
  • ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति यूनिट दर: ₹2.45
  • शहरी क्षेत्रों में प्रति यूनिट दर: ₹5.52

पुराने उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं
कंपनी ने यह भी कहा है कि पहले से जिनके पास वैध कनेक्शन हैं, उन पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा चाहे उनके परिवार में दो-तीन कनेक्शन क्यों न हों। पुराने सभी उपभोक्ता योजना के तहत बने रहेंगे। मुख्यमंत्री की मुफ्त बिजली योजना ने जहां आम लोगों को राहत दी है, वहीं बिजली विभाग को भी रिकॉर्ड स्तर पर आवेदन मिल रहे हैं। अब सरकार और विभाग की चुनौती यह है कि पारदर्शी जांच के साथ जरूरतमंदों को सही लाभ समय पर मिल सके।