राजीवनगर से 13 वर्षीय पियुष कुमार लापता, स्कूल के लिए निकला लेकिन लौटा नहीं, तलाश में जुटी पुलिस 

 

राजधानी पटना में 13 वर्षीय एक बच्चा पियुष कुमार बीते दिन 2 जुलाई से ही लापता है। जिसको लेकर थाने में शिकायत भी दर्ज करायी गई है। हालांकि अब तक पियुष का कुछ भी पता नहीं चल सका है। उसके परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।

दरअसल, पूरा मामला पटना के राजीवनगर थाने का है। जहाँ जयप्रकाश नगर रोड के रहने वाले अशोक सिंह का बेटा पियुष कुमार कल से ही लापता है। लापता पियुष के पिता ने बताया कि 2 जुलाई की सुबह करीब 6:30 बजे पियुष स्कूल के लिए निकला था। लेकिन स्कूल की छुट्टी के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे तक घर नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि इसके बाद वो पियुष के स्कूल Scholars Abode School  पहुंचे। स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि पियुष आज स्कूल आया ही नहीं था। जिसके बाद पियुष की खोज-बिन शुरू की गई। रिश्तेदारों से भी बात की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया।

राजीव नगर के थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चे की तलाश में पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। इसके लिए पुलिस की दो टीम भी बनायी गई है। उन्होंने बताया कि आस-पास के सभी CCTV फूटेज की तलाश की गई है। लेकिन पियुष का अबतक कुछ भी पता नहीं चल सका है। फ़िलहाल तलाश जारी है।