नोएडा की हाईटेक फैक्ट्री में बिहार के 130 युवाओं का चयन, प्रतिज्ञा योजना से खुला रोजगार का नया रास्ता

 

Bihar news: बिहार के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के तहत राज्य के 130 युवाओं का चयन नोएडा स्थित एक बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में हुआ है। यहां उन्हें आधुनिक तकनीक से जुड़े काम का प्रशिक्षण दिया जाएगा और साथ ही काम करने का मौका भी मिलेगा।

यह पहल बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से की गई है। इसका उद्देश्य युवाओं को देश और दुनिया के बड़े उद्योगों से जोड़ना है। चयनित युवाओं को इलेक्ट्रॉनिक्स मशीनों पर काम करने, असेंबलिंग और नई तकनीक सीखने का मौका मिलेगा। अनुभवी विशेषज्ञ उन्हें प्रशिक्षण देंगे, जिससे वे भविष्य में अच्छी नौकरी पा सकें।

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सरकार की ओर से मानदेय भी दिया जाएगा। इससे उन्हें आर्थिक सहारा मिलेगा और परिवार पर बोझ भी नहीं पड़ेगा।

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि प्रतिज्ञा योजना अब पढ़ाई और नौकरी के बीच की दूरी को कम कर रही है। बड़ी संख्या में युवाओं का एक साथ चयन होना यह दिखाता है कि देश की कंपनियों को बिहार के युवाओं की क्षमता पर भरोसा है।

इससे पहले भी बेंगलुरु और दूसरे शहरों में बिहार के कई युवाओं को इसी योजना के तहत मौका मिल चुका है। आज वे वहां काम कर रहे हैं और अपना भविष्य संवार रहे हैं।

सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाए। प्रतिज्ञा योजना से न सिर्फ युवाओं को काम मिल रहा है, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों को भी मजबूती मिल रही है।