राबड़ी देवी को 15 दिन का अल्टीमेटम! 10 सर्कुलर रोड खाली करने का आदेश, बिहार की सियासत में बढ़ी हलचल

Bihar news: 20 साल से ज्यादा समय से रह रहे सरकारी आवास पर सख्ती- वैकल्पिक बंगला अलॉट, कार्रवाई के संकेत
 

Bihar news: पटना की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। लालू प्रसाद यादव परिवार से जुड़ा बड़ा फैसला सामने आया है, जहां राज्य सरकार ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास 15 दिनों के भीतर खाली करने का सख्त निर्देश दिया है।

भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश में साफ कहा गया है कि तय समय सीमा में आवास खाली नहीं करने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है। यह बंगला करीब दो दशकों से लालू परिवार के कब्जे में है और 2006 से उनका मुख्य निवास बना हुआ है।

सरकार ने राबड़ी देवी को वैकल्पिक तौर पर 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया है। हालांकि, इससे पहले भी नवंबर 2025 में आवास खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन उस पर अमल नहीं हो सका। बाद में सामान शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हुई, मगर मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि इस बार किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। माना जा रहा है कि अगर निर्धारित समय में आवास खाली नहीं किया गया, तो प्रशासन कड़ा कदम उठा सकता है। ऐसे में यह मामला आने वाले दिनों में बिहार की सियासत का बड़ा मुद्दा बन सकता है।