पटना में 14 मई को 15 मिनट का ‘ब्लैकआउट’: सायरन बजते ही बुझ जाएंगी लाइटें, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

 
Bihar news: राजधानी पटना में संभावित आपातकालीन हालात से निपटने की तैयारी अब जमीन पर दिखाई देने वाली है। जिला प्रशासन ने 14 मई (गुरुवार) की शाम शहर में बड़े स्तर पर सिविल डिफेंस मॉकड्रिल और ब्लैकआउट अभ्यास करने का फैसला लिया है।

प्रशासन के मुताबिक शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक पटना के कई शहरी इलाकों में पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान सायरन बजते ही लोगों को अपने घर, दुकान, ऑफिस और अन्य प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद करनी होंगी।

सिर्फ पटना शहर नहीं, इन इलाकों में भी होगा अभ्यास

यह मॉकड्रिल केवल पटना नगर निगम क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। दानापुर, खगौल और फुलवारीशरीफ नगर परिषद क्षेत्रों में भी ब्लैकआउट और हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से बचाव का अभ्यास किया जाएगा।

इस दौरान सिविल डिफेंस, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत कई एजेंसियां संयुक्त रूप से इमरजेंसी रिस्पॉन्स का रिहर्सल करेंगी।

“घबराने की जरूरत नहीं”

जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि यह सिर्फ एक पूर्व निर्धारित अभ्यास है और नागरिकों को डरने या घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य लोगों और विभागों की आपदा से निपटने की क्षमता को मजबूत करना है।

13 मई को होगी ‘टेबल-टॉप एक्सरसाइज’

मुख्य मॉकड्रिल से पहले 13 मई को पटना समाहरणालय में विशेष टेबल-टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें हवाई हमले जैसी काल्पनिक स्थिति बनाकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई का अभ्यास कराया जाएगा।

अधिकारियों को रेस्क्यू ऑपरेशन, बिजली नियंत्रण, संचार व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश भी दिए जाएंगे।

ब्लैकआउट के दौरान क्या करें?
    •    घर, दुकान और ऑफिस की सभी लाइटें बंद रखें
    •    इन्वर्टर और जनरेटर भी बंद कर दें
    •    खिड़की और दरवाजों के पर्दे बंद रखें
    •    वाहन चला रहे हों तो सुरक्षित जगह रोककर इंजन बंद करें
    •    मोबाइल, टीवी या रेडियो से सरकारी निर्देश सुनते रहें
    •    टॉर्च और जरूरी दवाइयां पहले से तैयार रखें
    •    परिवार के लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखें

क्या बिल्कुल न करें?
    •    किसी भी प्रकार की रोशनी न करें
    •    सड़क पर भीड़ या शोर-शराबा न करें
    •    अफवाहें और भ्रामक जानकारी साझा न करें
    •    वाहन की हेडलाइट चालू न रखें
    •    बिना जरूरत इमरजेंसी सेवाओं पर कॉल न करें
    •    छतों और गलियों में बेवजह घूमने से बचें

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मॉकड्रिल को गंभीरता से लें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी वास्तविक आपदा की स्थिति में बेहतर तैयारी सुनिश्चित की जा सके।