पटना सिटी में मूर्ति विसर्जन के दौरान 15 साल के किशोर की हत्या, हंगामे के बीच विसर्जन रुका तो DSP ने खुद चलाया ट्रैक्टर
बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। पटना सिटी में मूर्ति विसर्जन के दौरान 15 साल के किशोर कुंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल कुंदन को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों के बीच हंगामा शुरू हो गया।
घटना खाजेकलां थाना क्षेत्र के पश्चिम दरवाजा के पास की है। जानकारी के मुताबिक, मूर्ति विसर्जन के दौरान कुंदन कुमार को गोली लग गई। मौके पर मौजूद लोग आनन-फानन में उसे गुरु गोविंद सिंह अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल यानी पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान कुंदन की मौत हो गई।
घटना को लेकर सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि किसी कमेटी के सदस्य ने हमला किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह और गोली चलाने वाले की पहचान को लेकर आगे की जांच अहम मानी जा रही है।
वहीं, गोलीबारी की घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान ऑर्केस्ट्रा की ट्रॉली में भी तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ने के कारण कुछ देर के लिए मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम भी रोकना पड़ा।
स्थिति को संभालने और विसर्जन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए डीएसपी शिव शंकर कुमार खुद मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने खुद ट्रैक्टर चलाकर प्रतिमा को विसर्जन के लिए आगे बढ़ाया।
फिलहाल, इस घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि जांच में गोलीबारी की असली वजह क्या सामने आती है और इस वारदात में शामिल लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।