‘20 साल का सफर खत्म’: आज नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक, इस्तीफे के साथ बदलेगा बिहार का सियासी अध्याय
आखिरी कैबिनेट बैठक, कई फैसलों पर मुहर संभव
सुबह 11 बजे होने वाली यह बैठक मौजूदा सरकार के कार्यकाल की आखिरी औपचारिक बैठक मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान कई अहम प्रस्तावों पर अंतिम मुहर लग सकती है। साथ ही, पूरा मंत्रिमंडल 20 वर्षों तक राज्य की कमान संभालने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करेगा।
बैठक के बाद इस्तीफा तय
माना जा रहा है कि बैठक के तुरंत बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही बिहार की राजनीति एक नए दौर में प्रवेश करेगी। पूरे दिन नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सियासी हलचल चरम पर रहने की संभावना है।
चार महीनों में कम बैठकें
नवंबर में एनडीए सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। लेकिन पिछले चार महीनों में कैबिनेट की 10 से भी कम बैठकें हुईं। आखिरी बैठक 20 फरवरी 2026 को हुई थी, जिसमें सारण के सोनपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को मंजूरी दी गई थी। इसको लेकर विपक्ष, खासकर तेजश्वी यादव ने भी सवाल उठाए थे।
सरकार के प्रमुख फैसले
नीतीश सरकार के कार्यकाल में कई बड़े निर्णय लिए गए:
• सोनपुर में 4200 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट निर्माण
• 50 लाख करोड़ निवेश और 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य
• ‘सात निश्चय योजना 3.0’
• सोन नदी जल बंटवारा समझौता
• मुंबई में बिहार भवन निर्माण
• महिलाओं को 2 लाख तक आर्थिक सहायता
• 27 लाख छात्रों की छात्रवृत्ति दोगुनी
• सरकारी कर्मचारियों के लिए 5% डीए बढ़ोतरी
सभी मंत्री रहेंगे मौजूद
इस बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिंह समेत कुल 26 मंत्री शामिल होंगे।
आज की यह कैबिनेट बैठक सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में एक युग के अंत और नए अध्याय की शुरुआत का संकेत है।