भोजपुर में दर्दनाक हादसा, सोन नदी में डूबने से 4 की मौत
बिहार में भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र स्थित तीर्थकौल गांव के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों समेत कुल चार लोगों की जान चली गई। गांव के सात बच्चे नदी की ओर गए थे, जहां नहाने के दौरान तीन बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए। बच्चों को डूबता देख उन्हें बचाने के लिए गांव का ही एक युवक नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन के सहयोग से चारों शवों को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
तीर्थकौल गांव के सात बच्चे खेलते हुए सोन नदी के तट की ओर गए थे। नहाने के दौरान तीन बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को छटपटाते देख पास ही मौजूद सुधीर कुमार उन्हें बचाने के लिए बिना सोचे-समझे नदी में कूद पड़े। हालांकि, नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण वे बच्चों को बचा नहीं सके और स्वयं भी हादसे का शिकार हो गए।
घटना के तुरंत बाद मचे शोर को सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण सोन नदी के किनारे एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की और पुलिस-प्रशासन को भी मामले की सूचना दी। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से चारों के शवों को पानी से बाहर निकाला जा सका
हादसे की जानकारी मिलते ही संदेश प्रखंड के बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्य पूरा कराया। पुलिस ने सभी चार शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।