सीवान विस्फोट में 5 मौतें: थानाध्यक्ष और चौकीदार सस्पेंड, FSL करेगी जांच
बिहार के सीवान जिले में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में पांच लोगों की मौत के बाद थाना स्तर पर लापरवाही के आरोप में जामो बाजार के थानाध्यक्ष धीरज कुमार और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
दरअसल, शुक्रवार को सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ था। विस्फोट इतना भीषण था कि इसमें पांच लोगों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच से जुड़ी कार्रवाई शुरू की गई।
घटना के बाद जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी और महाराजगंज के अनुमंडल पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, डॉग स्क्वायड और मेडिकल टीम को भी बुलाया गया। विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी लगाया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित लोगों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांव में पटाखा बनाने का काम किसकी देखरेख में और किन परिस्थितियों में किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भारत सोनी के निर्देश पर महाराजगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। वहीं, अनुसंधान की जिम्मेदारी महाराजगंज के सर्किल इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
फिलहाल, पुलिस अवैध पटाखा निर्माण, विस्फोट के कारणों और संभावित लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।