भारत-नेपाल सीमा पर 65वीं वाहिनी SSB का पहल: 25 ग्रामीण युवाओं के लिए मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

 

Patna Desk: भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बेतिया द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत ग्रामीण युवाओं के लिए तीन-सप्ताहीय मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम नंदन सिंह मेहरा, कमांडेंट 65वीं वाहिनी SSB के मार्गदर्शन में शुरू किया गया।

प्रशिक्षण का आयोजन थारु कला संस्कृति एवं प्रशिक्षण संस्थान हरनाटांड़ के संयुक्त तत्वाधान में किया गया है। वाईब्रेंट विलेज नरकटिया दोना, पूर्वी डोकनी और पश्चिम डोकनी से चयनित 25 बेरोजगार युवाओं को रोजगारमुखी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

कई कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन

मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण के साथ-साथ SSB द्वारा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें शामिल हैं:
    •    निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर
    •    पशु चिकित्सा शिविर
    •    सांस्कृतिक कार्यक्रम
    •    फुटबॉल प्रतियोगिता
    •    ग्रामीणों को साइबर अपराध और सुरक्षा उपायों की जानकारी

इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा ने क्या कहा?

उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा ने कहा: “65 वाहिनी SSB सीमावर्ती क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। नागरिक कल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास और रोजगार सृजन के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे स्वावलंबी बनकर अपने बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।”

कार्यक्रम में डॉ. एस.एन. सिंह, कमांडेंट पशु चिकित्सा, उप कमांडेंट नीलकांत, डॉ. चंदन सिंह, डॉ. रमन कुमार उपाध्याय, डॉ. विनीत राज सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट– आशिष कुमार, प. चंपारण/बेतिया