बिहार के सारण में रब ने बना दी जोड़ी, 42 इंच का लड़का और 47 इंच की लड़की की हुई शादी 
 

 

कहावत है कि जोड़ियां भगवान बनाते है और सबकी जोड़ी वही बनाकर धरती पर भेजते है. सारण जिले में यह कहावत सच होती दिखी. दरअसल, यहां छपरा में 42 इंच लम्बाई वाले लड़के की शादी 47 इंच लम्बी लड़की से हुई. शनिवार को मढ़ौरा गढ़ देवी मंदिर परिसर में परिजनों की आपसी सहमति के बाद हिन्दू रीति रिवाज से यह अनोखा विवाह संम्पन हुआ. 

आपको बता दें कि मढ़ौरा थाना क्षेत्र के तेजपुरूवा पंचायत के  लेरूआ गांव निवासी सत्येन्द्र सिंह के 42 इंच लम्बे बेटे रोहित की शादी नहीं हो रही थी. परिवार वाले काफी परेशान थे. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि रोहित की शादी भी होगी. रोहित की लंबाई से मैच करने वाली दुल्हन नहीं मिल रही थी. यही हाल बनियापुर के खबसी गांव निवासी शुभनारायण प्रसाद की 47 इंच लम्बी बेटी नेहा का भी था. उसके परिजन भी उसकी लंबाई से मैच करने वाले दूल्हे को खोज रहे थे. इसी दौरान उन्हें रोहित के बारे में पता चला. इसके बाद दोनों परिवार वाले मिले और दोनों की शादी तय हो गई. 

वहीं मढ़ौरा गढ़ देवी मंदिर परिसर में हिन्दू रीति रिवाज से दोनों की शादी हुई. वर एवं वधु दोनों पक्षों के लोग काफी खुश थे. दोनों पक्ष के लोगों ने नव दंपती को आशीर्वाद दिया. परिजनों ने बताया कि रोहित और नेहा की लंबाई कम होने से शादी के लिए हमलोग काफी परेशान. काफी मन्नतें भी मांगी थी. आखिरकार भगवान ने हमलोगों की सुन ही ली.