पटना एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा! रनवे पर पक्षियों का झुंड देख पायलट ने मोड़ा विमान, वाराणसी में हुई लैंडिंग
Patna: पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से पटना आ रहे इंडिगो के विमान 6E 2453 को लैंडिंग से ठीक पहले रनवे के आसपास पक्षियों का बड़ा झुंड दिखाई देने के बाद वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया। विमान में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत 176 यात्री सवार थे। पायलट के समय रहते लिए गए फैसले के बाद विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
रनवे पर पक्षियों का झुंड दिखते ही बदला फैसला
जानकारी के मुताबिक विमान पटना में उतरने की तैयारी में था। इसी दौरान पायलट को रनवे पर बड़ी संख्या में पक्षी नजर आए। विमान की लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट का खतरा देखते हुए पायलट ने जोखिम लेने के बजाय फ्लाइट को डायवर्ट करने का फैसला किया।
विमान शाम करीब 6:20 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुआ। इसके बाद विमान में सवार सभी 176 यात्रियों को वाराणसी में उतारा गया।
विमान में सवार थे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह
इस फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद थे। दिल्ली से पटना आ रही उड़ान के अचानक डायवर्ट होने से यात्रियों को वाराणसी में उतरना पड़ा। हालांकि, पायलट की सतर्कता और समय पर लिए गए फैसले के चलते किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई।
पटना में इंतजार कर रहे 167 यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा
इसी विमान से पटना से दिल्ली जाने वाले 167 यात्री एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे। फ्लाइट के डायवर्ट होने के बाद इंडिगो ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की और उन्हें दूसरे विमान में शिफ्ट कर दिल्ली रवाना किया गया।
पटना एयरपोर्ट पर पहले भी सामने आ चुकी है बर्ड हिट की घटना
पटना एयरपोर्ट पर पक्षियों से जुड़ा खतरा नया नहीं है। इससे पहले 24 अगस्त को एयर इंडिया के एक विमान से पक्षी टकरा गया था। उस घटना में भी बड़ा हादसा होते-होते बचा था।
इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने नगर निगम, जिला प्रशासन और वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताई थी।
कचरा और मांस-मछली की दुकानों पर उठे सवाल
बैठक में एयरपोर्ट के आसपास मौजूद कचरे के ढेर, जलजमाव और मांस-मछली की दुकानों को पक्षियों के जमावड़े की संभावित वजह बताया गया था। गर्दनीबाग इलाके में एयरपोर्ट से करीब 800 मीटर की दूरी पर कचरा जमा होने और फुलवारी स्टेशन के आसपास मांस-मछली की दुकानों का भी उल्लेख किया गया था।
बताया गया था कि इन जगहों पर भोजन की उपलब्धता के कारण पक्षियों की आवाजाही बढ़ती है, जिससे विमानों के लिए बर्ड हिट का खतरा पैदा होता है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से संबंधित विभागों से इन समस्याओं के समाधान की मांग किए जाने की बात भी सामने आई थी।
पटना एयरपोर्ट पर दोबारा सामने आई इस घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों के बढ़ते खतरे और कचरा प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।