पटना के दीघा सब्जी मंडी इलाके में गैस पाइपलाइन में आग, बड़ा हादसा टला
स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि किसी को भी मौके के पास जाने की हिम्मत नहीं हो रही थी। लोगों को किसी बड़े विस्फोट की आशंका सताने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही लोदीपुर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए पांच दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गैस सप्लाई बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इलाके में बिजली से संबंधित कार्य चल रहा था। इसी दौरान खुदाई के समय GAIL इंडिया की गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हुआ और आग भड़क उठी। समय रहते गैस सप्लाई रोक दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि जिस इलाके में यह हादसा हुआ, वहां बड़ी संख्या में रिहायशी मकान और बहुमंजिला इमारतें मौजूद हैं। अधिकारियों का मानना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
फिलहाल क्षेत्र में गैस आपूर्ति बंद कर दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निर्माण या खुदाई कार्य के दौरान गैस पाइपलाइन और अन्य भूमिगत सुविधाओं को लेकर विशेष सावधानी बरतें।