सम्राट सरकार का बड़ा प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक! 12 IAS अधिकारियों का तबादला, निशांत के स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ा बदलाव
राज्य सरकार द्वारा 10 मई 2026 को जारी अधिसूचना के मुताबिक स्वास्थ्य, वित्त, जल संसाधन, ऊर्जा और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नए सचिवों की तैनाती की गई है। कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है, जबकि कुछ को दोहरी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
निशांत कुमार के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा बदलाव
सबसे ज्यादा चर्चा स्वास्थ्य विभाग में हुए बदलाव को लेकर हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को हटाकर पर्यटन विभाग का सचिव बनाया गया है। उनकी जगह मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात कुमार रवि को स्वास्थ्य विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है।
अब कुमार रवि, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ विभागीय कामकाज संभालेंगे। कुमार रवि को प्रशासनिक गलियारों में नीतीश कुमार के भरोसेमंद अधिकारियों में गिना जाता है।
जल संसाधन और वित्त विभाग में भी बदलाव
मुख्यमंत्री सचिवालय में कार्यरत चंद्रशेखर सिंह को जल संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें भी नीतीश कुमार के करीबी अफसरों में माना जाता रहा है।
वहीं वित्त विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए संजय कुमार सिंह को वित्त विभाग का पूर्णकालिक सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह अतिरिक्त प्रभार आनंद किशोर के पास था, जिन्हें अब इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
संजय कुमार सिंह वित्त सचिव के साथ-साथ वाणिज्य कर विभाग के सचिव, वाणिज्य-कर आयुक्त और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
ऊर्जा, समाज कल्याण और आपदा विभाग में नई तैनाती
अजय यादव को ऊर्जा विभाग का नया सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड का अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
वहीं एच. आर. श्रीनिवास को समाज कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वे पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
इसके अलावा संतोष कुमार मल्ल को आपदा प्रबंधन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
बिहार भवन दिल्ली में भी बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत मनोज कुमार सिंह को बिहार भवन, नई दिल्ली का नया स्थानिक आयुक्त बनाया गया है। वहीं प्रणव कुमार को भवन निर्माण विभाग का सचिव और रजनीश कुमार सिंह को महानिरीक्षक, कारा एवं सुधार सेवाएं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस बड़े फेरबदल को सम्राट सरकार की नई कार्यशैली और प्रशासनिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।