गांधी मैदान से विकास का नया संदेश, विधानसभा अध्यक्ष ने नव मंत्रिमंडल को दी शुभकामनाएं

 
Bihar news: बिहार की राजनीति में हुए बड़े मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रेम कुमार ने नवगठित मंत्रिमंडल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। बिहार विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह बिहार के राजनीतिक इतिहास का अविस्मरणीय क्षण बन गया।

उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उनके ऊर्जावान, कर्मठ और दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नवगठित मंत्रिमंडल जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मंत्रिमंडल के सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा बिहार को नई दिशा देने में योगदान देंगे। उन्होंने इस पूरे आयोजन को लोकतंत्र और जनभागीदारी का मजबूत प्रतीक बताया।

प्रेम कुमार ने समारोह में देश के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी को भी बिहार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे. पी. नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति ने इस समारोह को ऐतिहासिक बना दिया।