छपरा में मौत बनकर दौड़ा ट्रक! आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी फिर हादसे का शिकार, 3 की मौत-9 घायल

 

Bihar news: सारण जिले के छपरा में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार देर रात एक बार फिर आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। एनएच-531 पर बनवार फ्लाईओवर के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वैन को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में सवार सभी लोग आर्केस्ट्रा टीम के सदस्य थे, जो रातभर कार्यक्रम करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और कई लोग गाड़ी में फंस गए।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर छपरा सदर अस्पताल और एकमा अस्पताल भेजा गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

दाउदपुर थाना प्रभारी निर्भय कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

गौरतलब है कि महज दो दिन पहले यानी 6 मई को भी छपरा में आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने कलाकारों और उनके परिवारों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रात के समय हाईवे पर भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाई जाए और सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जाएं, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों पर रोक लग सके।