एमजेके कॉलेज में एबीवीपी का प्रदर्शन, परीक्षा केंद्र बदलने के खिलाफ पुतला दहन
Bihar news: पश्चिम चम्पारण के बेतिया स्थित एमजेके कॉलेज परिसर में आज पीजी परीक्षा केंद्र को लेकर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। पीजी सत्र 2022–24 के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का केंद्र मुजफ्फरपुर बनाए जाने के विरोध में ABVP के दर्जनों कार्यकर्ताओं और छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला दहन किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
नगर मंत्री शैलेश कुशवाहा के नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एमजेके कॉलेज परिसर में आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की “छात्रों का शोषण बंद करो”, “विश्वविद्यालय प्रशासन होश में आओ” जैसे नारे पूरे कैंपस में गूंजते रहे।
एबीवीपी जिला संयोजक अभिजीत राय ने कहा कि पिछले कई महीनों से विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा केंद्र लगातार मुजफ्फरपुर ही रखा जा रहा है। उन्होंने कहा- “मुजफ्फरपुर में परीक्षा केंद्र बनाए जाने से पश्चिम चम्पारण के छात्रों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आर्थिक, सामाजिक और समय से जुड़ी भारी परेशानी होती है। ऐसा प्रतीत होता है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के प्रति निरंकुश रवैया अपना रहा है।”
अभिजीत राय ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा केंद्र जल्द ही मुजफ्फरपुर से बेतिया स्थानांतरित नहीं किया गया तो एबीवीपी सभी छात्रों के साथ मिलकर भूख हड़ताल पर बैठेगी। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन की पूरी जवाबदेही विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।