मोहर्म को लेकर मसौढ़ी में प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर

 

Bihar news: आगामी पर्व-त्योहारों, विशेषकर मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को मसौढ़ी अनुमंडल क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और नागरिकों ने भाग लिया।

मसौढ़ी-01 की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुश्री कोमल मीणा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा, आपसी भाईचारा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रशासन की ओर से लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने सभी समुदायों से मिल-जुलकर पर्व मनाने और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।