25 साल बाद सीबीआई ने चारा घोटाले के फरार आरोपी सत्येंद्र को किया गिरफ्तार
सीबीआई ने चारा घोटाला मामले में करीब 25 वर्षों से फरार चल रहे सत्येंद्र कुमार को लखनऊ रेलवे स्टेशन से गुरुवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ वर्ष 2001 में चार्जशीट दाखिल की गई थी, जिसके बाद से ही फरार चल रहा था। अदालत में पेश न होने के चलते उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। सीबीआई उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची ले गई, जहां उसे संबंधित अदालत में ट्रायल के लिए पेश किया जाएगा।
सीबीआई को तकनीकी निगरानी भौतिक सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए पता चला था कि वह नेपाल में ठिकाना बनाकर रह रहा है। इसी बीच वह भारत लौटा और 22 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के गुना से उत्तरप्रदेश के लखनऊ के लिए ट्रेन में सवार हुआ।
पुख्ता खुफिया इनपुट मिलते ही सीबीआई की एक विशेष टीम गठित की गई। ट्रेन के लखनऊ पहुंचने से पहले ही टीम स्टेशन पर तैनात हो गई। ट्रेन आते ही आरोपी को दबोच लिया गया।