छठ के बाद पटना के स्टेशनों पर बढ़ी यात्रियों की भीड़, रेलवे ने संभाली कमान; बिना टिकट स्टेशन में एंट्री पर रोक
छठ महापर्व संपन्न होने के बाद अब पटना से दूसरे शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने भीड़ प्रबंधन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के जीएम डिंपी गर्ग खुद मोर्चा संभाल रहे हैं।
जीएम डिंपी गर्ग ने पिछले कुछ दिनों में पांचों रेल मंडलों के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों का दौरा कर यात्री सुविधाओं और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दानापुर, राजेंद्रनगर, समस्तीपुर, सहरसा और जयनगर समेत कई स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि स्टेशनों पर केवल वैध ट्रेन टिकट रखने वाले यात्रियों को ही प्रवेश दिया जाए।
जीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे कार्यालयों में बैठने के बजाय स्टेशनों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
इधर, दानापुर मंडल के डीआरएम विनोद कुमार और सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने भी पटना जंक्शन पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ का जायजा लिया और भीड़ नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की।
डीआरएम विनोद कुमार ने बताया कि पटना जंक्शन पर फिलहाल प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। यात्रियों की भीड़ सामान्य होने के बाद ही प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री दोबारा शुरू की जाएगी। इसके अलावा यात्रियों को उनकी ट्रेन के निर्धारित आगमन समय से करीब 20 मिनट पहले ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
रेलवे का प्रयास है कि छठ के बाद घर लौट रहे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिले। इसके लिए स्टेशनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।