CM हाउस के बाद SP आवास पहुंचीं IPS की पत्नी, बेटी से मिलने की लगाई गुहार, बोलीं- किस कानून के तहत मिलने से रोक रहे?'
खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। 3 दिन में दूसरी बार वो धरने पर बैठी हैं। अपनी 6 साल की बेटी से मिलने और पति के साथ दोबारा रहने की मांग को लेकर पूजा सिंह अब खगड़िया में एसपी आवास के बाहर धरने पर बैठ गई हैं। उन्होंने पूछा, आखिर किस कानून के तहत उन्हें उनकी बेटी से मिलने से रोका जा रहा है।
इससे पहले एसपी की पत्नी ने 1 नवंबर में पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया था। पूजा सीएम हाउस से लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय और महिला आयोग तक अपनी शिकायत लेकर पहुंच चुकी हैं। पूजा सिंह का आरोप है कि उनके पति उन्हें बेटी से दूर रख रहे हैं।
वह पति से तलाक नहीं चाहतीं, बल्कि उनके साथ दोबारा परिवार बसाना चाहती हैं। इस पूरे मामले में अब तक कई प्रशासनिक स्तर पर बातचीत और हस्तक्षेप हो चुके हैं, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल पाया है।
IPS की पत्नी ने कगा, 'ये लोग गेट नहीं खोल रहे हैं। ये कौन सा कानून है, जो अपनी बच्ची से और अपने पति से मिलने के लिए मुझे रोक सकता है? मुझे मेरी बच्ची से मिलने के लिए रोका जा रहा है?
दो महीने होने को आए है, मेरी बच्ची से नहीं मिलने दिया जा रहा है। मुझे खगड़िया आवास में नहीं घुसने दिया जा रहा है।'
पूजा सिंह का कहना है वह अपने पति से अलग नहीं होना चाहती हैं। न ही उनका मकसद किसी तरह का कानूनी विवाद खड़ा करना है। वह चाहती हैं कि उनका परिवार फिर से एक हो जाए।
हम अपनी बेटी और पति के साथ दोबारा घर बसाना चाहते हैं। पिछले 8-9 महीनों से अपनी 6 साल की बेटी से मिलने का मौका नहीं मिल रहा है। इसी परेशानी को लेकर लगातार अधिकारियों से गुहार लगा रही हूं