सदाकत आश्रम में पत्रकारों से बदसलूकी का आरोप! WJAI ने कांग्रेस से की माफ़ी मांगने की अपील...दी आंदोलन की चेतावनी

बिहार के ऐतिहासिक सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है. वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) की बिहार प्रदेश इकाई ने घटना की कड़ी निंदा की है.
 

Patna:  बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में 18 नवंबर 2026 को पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। इस घटना की वेब जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) ने कड़े शब्दों में निंदा की है। संगठन ने कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने, प्रभावित पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से क्षमा मांगने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

WJAI के बिहार प्रदेश महासचिव सागर कुमार ने बयान जारी कर कहा कि सदाकत आश्रम जैसे ऐतिहासिक स्थान पर पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता पार्टी के नेतृत्व की स्थिति पर सवाल खड़े करती है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के व्यवहार पर उठाए सवाल

सागर कुमार ने कहा कि कांग्रेस कभी महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी रही है, लेकिन अब उसके कार्यकर्ता बापू के विचारों और उनकी गरिमा का भी ध्यान नहीं रख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं का हिंसक और अराजक व्यवहार स्वस्थ लोकतंत्र के लिए घातक है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल कांग्रेस पार्टी, बल्कि लोकतंत्र की धरती बिहार की प्रतिष्ठा और गरिमा को भी नुकसान पहुंचाती हैं।

पत्रकारों से दुर्व्यवहार को बताया लोकतंत्र के लिए चिंताजनक

WJAI महासचिव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और जनता की आवाज को देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम करते हैं। खासकर ग्राउंड रिपोर्टर और कैमरामैन सीमित सुविधाओं और संसाधनों के बावजूद जनता तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाते हैं। ऐसे पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

कांग्रेस से तीन प्रमुख मांगें

सागर कुमार ने कांग्रेस पार्टी के सामने प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी हैं—

  1. सार्वजनिक माफी: कांग्रेस पार्टी खुले मंच से पत्रकारों से माफी मांगे।

  2. व्यक्तिगत रूप से क्षमा: जिन पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार हुआ है, उन्हें बुलाकर उनसे व्यक्तिगत रूप से माफी मांगी जाए।

  3. दोषियों पर कार्रवाई: जिम्मेदार लोगों की पहचान कर पार्टी स्तर पर त्वरित कार्रवाई की जाए और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की पहल की जाए।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी

WJAI बिहार प्रदेश महासचिव सागर कुमार ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस पार्टी इन मांगों पर उचित कदम नहीं उठाती है, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की गरिमा और सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

फिलहाल इस मामले में कांग्रेस नेतृत्व की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने का इंतजार है।