एलपीजी को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच सरकार का बड़ा कदम, बिहार में बना कंट्रोल रूम

सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक काम करेगा नियंत्रण कक्ष; गैस से जुड़ी समस्या या शिकायत के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर
 
Bihar News: राज्य में एलपीजी को लेकर बढ़ती शिकायतों और उपभोक्ताओं की परेशानियों को देखते हुए बिहार सरकार ने अहम कदम उठाया है। आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए फूड एंड कंज्यूमर प्रॉटेक्शन डिपार्टमेंट, बिहार ने पटना में एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।

सरकार के अनुसार यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान राज्य के उपभोक्ता गैस की उपलब्धता, वितरण या किसी भी तरह की शिकायत को सीधे नियंत्रण कक्ष तक पहुंचा सकते हैं।

विभाग ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0612-2233050 जारी किया है, जिस पर कॉल करके लोग अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद तुरंत संज्ञान लेकर संबंधित एजेंसियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में एलपीजी को लेकर कई जगहों पर भ्रम और शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि किसी भी तरह की अफवाह या परेशानी की स्थिति में घबराने के बजाय सीधे विभाग के नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

सरकार का मानना है कि इस पहल से गैस वितरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।