पटना मेट्रो निर्माण के बीच ट्रैफिक पर सरकार का बड़ा फोकस, सम्राट चौधरी ने दिए सड़क चौड़ीकरण और वैकल्पिक मार्ग के निर्देश

 

Bihar news: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पथ निर्माण विभाग की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए पटना मेट्रो निर्माण के दौरान राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। बैठक में खास तौर पर नेहरू पथ (बेली रोड) पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और उसके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।

समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल और पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी ने मुख्यमंत्री को बताया कि नेहरू पथ पर ट्रैफिक सुधार के लिए 11 महत्वपूर्ण स्ट्रेच चिन्हित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इन सभी स्थानों का जल्द स्थल निरीक्षण कर वास्तविक जरूरत के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जहां जरूरत, वहां होगा सड़क चौड़ीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्थानों पर ट्रैफिक जाम की अधिक समस्या है, वहां सड़क चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार, बॉटलनेक हटाने और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। उनका उद्देश्य है कि मेट्रो निर्माण के दौरान भी लोगों को आवागमन में न्यूनतम परेशानी हो।

मेट्रो निर्माण के साथ ट्रैफिक भी रहेगा सुचारु

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। लेकिन विकास कार्यों के साथ आम लोगों की सुविधा भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना हो, वहां पहले से वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएं और उन्हें पूरी तरह आवागमन योग्य बनाया जाए।

वेंडिंग जोन और सड़क किनारे व्यवस्था सुधारने के निर्देश

सम्राट चौधरी ने सड़क किनारे होने वाली गतिविधियों को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने नेहरू पथ पर उपयुक्त वेंडिंग जोन चिन्हित करने के निर्देश दिए, ताकि अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण ट्रैफिक प्रभावित न हो।

सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, जिला प्रशासन और यातायात पुलिस को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक मैनेजमेंट, वैकल्पिक मार्ग, सड़क चौड़ीकरण और अन्य सुधार कार्यों की समग्र योजना पर तेजी से अमल किया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राजधानी में विकास कार्यों के साथ नागरिकों की सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि पटना मेट्रो निर्माण के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव एवं पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।