तपती धूप के बीच बिहार में 2 दिन तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, क्या 48 घंटे के बाद बदल जायेगा मौसम..जानें आपने जिले का हाल...
Bihar Weather Update: बिहार में इन दिनों कुदरत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां सूरज की तपिश ने मार्च की शुरुआत में ही मई-जून जैसी गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में आंधी-बारिश की संभावना है. ठंड अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और सूबे का पारा तेजी से 35 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है.
बिहार के लगभग सभी जिलों में अब दिन के समय स्वेटर और जैकेट अलमारियों में कैद हो चुके हैं. शुक्रवार के आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है, जहां मोतिहारी 33.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक, पटना से लेकर गया और औरंगाबाद तक, हर जगह पारा 30 से 34 डिग्री के बीच झूल रहा है. अब तो रातें भी उतनी ठंडी नहीं रहीं, पटना और मुजफ्फरपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है, जिसका मतलब है कि रात की गुलाबी ठंड भी अब विदाई ले रही है.
बारिश और आंधी का 'येलो अलर्ट'
अगर आप सोच रहे हैं कि अब सिर्फ गर्मी ही बढ़ेगी, तो सावधान हो जाइए. मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण 9 मार्च से 11 मार्च के बीच बिहार के मौसम में बड़ा उलटफेर होने वाला है. विभाग ने उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है. इस दौरान न केवल हल्की से मध्यम बारिश होगी, बल्कि 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका है.
मौसम के इस 'डबल अटैक' का सबसे ज्यादा असर 9 और 10 मार्च को उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों जैसे सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल और अररिया में देखने को मिल सकता है. वहीं 11 मार्च को बारिश का दायरा बढ़कर पटना, गया, बक्सर, भोजपुर और नालंदा समेत दक्षिण बिहार के जिलों तक फैल जाएगा. यह बेमौसम बारिश उन किसानों के लिए चिंता का सबब बन सकती है जिनकी फसलें कटने को तैयार हैं.
अगले 48 घंटे कैसा रहेगा हाल
फिलहाल आज यानी 7 मार्च और कल 8 मार्च को मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. आसमान साफ रहने के कारण धूप की तल्खी और बढ़ेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस का और इजाफा हो सकता है. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे बदलती परिस्थितियों के लिए तैयार रहें.