ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच स्टैंडिंग कमेटी के नवनिर्वाचित सदस्यों का भव्य स्वागत, मोहन श्रीवास्तव ने विकास की कई नई योजनाओं का किया ऐलान
Gaya: गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के नवनिर्वाचित सात सदस्यों के सम्मान में शनिवार को नगर निगम कार्यालय परिसर में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद पहली बार निगम कार्यालय पहुंचे नवनिर्वाचित मोहन श्रीवास्तव व अन्य सदस्यों का स्वागत ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. पार्षदों, निगम कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया.
समारोह में नवनिर्वाचित सदस्य एवं पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, मनोज कुमार, विनोद यादव, चुन्नू खान, तब्सुम परवीन, सारिका वर्मा, उपेंद्र कुमार, का गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया गया.
मेयर गणेश पासवान व डिप्टी मेयर चिंता देवी ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं मालाएं भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम के दौरान निगम कार्यालय परिसर समर्थकों और शुभचिंतकों से भरा रहा. नवनिर्वाचित सदस्यों के पहुंचते ही उनके समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर समर्थक झूमते नजर आए. समारोह में उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि नई स्टैंडिंग कमेटी के गठन के बाद शहर में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा नगर निगम की योजनाओं का लाभ आम जनता तक बेहतर तरीके से पहुंचेगा.
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व डिप्टी मेयर एवं नवनिर्वाचित स्टैंडिंग कमेटी सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने सभी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पार्षदों ने जिस विश्वास और भरोसे के साथ उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि नगर निगम की नई टीम शहर के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेगी.
मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि आने वाले छह महीनों में गया शहर में विकास की नई तस्वीर दिखाई देगी. नगर निगम कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम करने जा रहा है, जिसका सीधा लाभ शहरवासियों को मिलेगा. उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए गांधी मैदान में आधुनिक स्मोक टावर लगाए जाएंगे. यह टावर वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होंगे.
उन्होंने बताया कि नगर निगम पूरे शहर में आधुनिक स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा. प्रमुख सड़कों और बाजार क्षेत्रों की नियमित मशीनों से सफाई कराई जाएगी, जिससे धूल और गंदगी की समस्या में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.
शिक्षा के क्षेत्र में भी नगर निगम नई पहल करने जा रहा है. मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में पुस्तकालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। इन पुस्तकालयों में कक्षा छह से लेकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को इससे काफी लाभ मिलेगा और उन्हें अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा.
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सड़क, नाली और सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, सामाजिक विकास और युवाओं के भविष्य को मजबूत करना भी उसकी प्राथमिकता है.
पुस्तकालयों के माध्यम से युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा.
प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड की एक गली को मॉडल गली के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बेहतर सड़क और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट और तिरंगा लाइटों का विस्तार किया जाएगा. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को आधुनिक रोशनी से जगमग किया जाएगा, जिससे सुरक्षा और सौंदर्य दोनों में वृद्धि होगी.
उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है. शहर की सफाई, जलनिकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. नई स्टैंडिंग कमेटी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगी तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगी.
समारोह के अंत में सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने शहर के विकास, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की.
इस अवसर पर पार्षद डिम्पल कुमार, अंजली कुमारी, दीपक चंद्रवंशी, अनुपमा कुमारी, सोनू शर्मा, शशि किशोर उर्फ शिशु, खतीब अहमद, साकेत सिंह उर्फ भगत सिंह, महिला समाजसेवी राखी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता, कायस्थ समाज, निगम कर्मी एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे.