अनंत सिंह के गांव लदमा में घुड़दौड़ देखने पहुंचे बुजुर्ग की मौत, भीड़ के बीच बेहोश मिले थे
विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी और ऋषिकेश की शादी संपन्न हुई. शादी वाले दिन नदमा में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें कई तरह के घोड़े पहुंचे थे. लेकिन इस दौरान दर्दनाक घटना घटी.
घुड़दौड़ प्रतियोगिता को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे थे. इसी बीच घुड़दौड़ देखने आए एक अज्ञात बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई. पुलिस ने उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
2 घंटे व्हील चेयर पर पड़ा रहा शव
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग लदमा गांव में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी हालत बिगड़ गई. पुलिस उन्हें तत्काल बाढ़ अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंची. हालांकि, डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बुजुर्ग का शव करीब दो घंटे तक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में व्हीलचेयर पर पड़ा रहा. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. उनकी मौत किस वजह से हुई, इसका भी फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है.
25 नवंबर को शिवांगी की शादी के मौके पर नदमा गांव में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी. इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवार पहुंचे थे. प्रतियोगिता देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोग मोबाइल टावर और ऊंचे पेड़ों पर चढ़कर घुड़दौड़ देखने लगे. विधायक अनंत सिंह ने माइक से लोगों को टावर और पेड़ों से नीचे उतरने की अपील भी की, लेकिन लोगों पर इसका खास असर नहीं हुआ.
भारी भीड़ को देखते हुए उस दिन प्रतियोगिता टाल दी गई थी. ऐसे में अब घुड़दौड़ का फाइनल आज आयोजित किया जा सकता है. घुड़दौड़ जीतने वाले को थार गिफ्ट किया जाएगा. इसके साथ ही दूसरे नंबर पर आने वाले को बाइक और तीसरे नंबर पर आने वाले को स्कूटी दी जाएगी