जेल से बाहर आए अनंत सिंह का धमाका: तेजस्वी को ललकारा, पत्नी नीलम देवी को भी ‘खचरी’ कह दिया

 

मोकामा के चर्चित पूर्व विधायक अनंत सिंह जेल से रिहा होते ही फिर सुर्खियों में आ गए हैं। बाहर निकलते ही उन्होंने मोकामा सीट से 2025 का चुनाव खुद लड़ने का ऐलान किया और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को ललकारते हुए कहा, “अगर वो मोकामा से लड़ेंगे तो उनकी जमानत जब्त करा दूंगा।”

अब अनंत सिंह ने अपना निशाना मोकामा की मौजूदा विधायक और अपनी पत्नी नीलम देवी पर भी साध लिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, नहीं, अब नीलम को चुनाव नहीं लड़वाएंगे। बढ़िया काम नहीं की है। जनता से मेल-जोल नहीं रखा। गुस्सा नहीं है, लेकिन सच बोल रहे हैं। पत्रकार के पूछने पर कि पत्नी के खिलाफ क्यों बोल रहे हैं, अनंत ने साफ शब्दों में कहा, "पत्नी रहे खचरी तो उसका कहें शुद्धा। कोई खचर है तो शुद्धा कहें।" उन्होंने ये भी जोड़ा कि घर जाकर भी अपने बयान पर कायम रहेंगे।

अनंत सिंह दो दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए हैं। इस साल जनवरी में मोकामा के पचमहला इलाके में गोलीकांड के एक मामले में उन्होंने सरेंडर किया था। 5 अगस्त को पटना हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली। सियासत में अनंत सिंह का लंबा इतिहास रहा है। 2005 से 2020 तक वे लगातार पांच बार मोकामा से विधायक रहे। 2022 में AK-47 केस में दोषी करार दिए जाने के बाद उनकी विधायकी चली गई और उसी साल हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी आरजेडी के टिकट पर विधायक बनीं।

नीलम देवी ने 2019 में कांग्रेस के टिकट पर मुंगेर से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था, लेकिन ललन सिंह से हार गईं। जनवरी 2024 में जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महागठबंधन छोड़कर एनडीए में लौटे, तो नीलम देवी ने भी पाला बदल लिया और सरकार के साथ खड़ी हो गईं। अब जेल से बाहर आकर अनंत सिंह दोबारा राजनीतिक मैदान में उतरने को तैयार हैं, लेकिन इस बार न सिर्फ विरोधियों, बल्कि अपने ही घर के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है।