अनंत सिंह को हाईकोर्ट से राहत: दुलारचंद यादव हत्याकांड में मिली जमानत, रिहाई का रास्ता साफ

 
Bihar News: बिहार की सियासत में बड़ा मोड़ तब आया जब अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी राहत मिल गई। पटना हाईकोर्ट ने गुरुवार को उन्हें जमानत दे दी, जिससे उनकी रिहाई का रास्ता लगभग साफ हो गया है।

बताया जा रहा है कि इस मामले में अनंत सिंह लंबे समय से जेल में बंद थे। अब अदालत से राहत मिलने के बाद जैसे ही सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होंगी, वे जेल से बाहर आ सकेंगे।

इस फैसले के बाद मोकामा समेत आसपास के इलाकों में सियासी हलचल तेज हो गई है। गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड काफी चर्चित मामला रहा, जिसमें चुनावी माहौल के बीच अनंत सिंह का नाम सामने आने के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई थी।

‘बाहुबली’ छवि और लंबा सियासी सफर
अनंत सिंह बिहार की राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा रहे हैं। 2005 में पहली बार मोकामा से विधायक बनकर उन्होंने अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाई। इसके बाद 2010 और 2015 में लगातार जीत दर्ज कर उन्होंने इलाके में अपना दबदबा कायम रखा।

शुरुआत में JDU से जुड़े रहे अनंत सिंह ने बाद में निर्दलीय चुनाव जीतकर भी अपनी ताकत दिखाई। 2020 में उन्होंने RJD के टिकट पर जीत हासिल की, जबकि 2022 के उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने सीट संभाली।

2025 में एक बार फिर जदयू में वापसी कर उन्होंने मोकामा से जीत दर्ज की, लेकिन चुनाव के दौरान ही हत्याकांड में नाम आने के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा।

अब हाई कोर्ट से मिली जमानत ने न सिर्फ उनकी राह आसान कर दी है, बल्कि बिहार की सियासत में भी नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है।