जेल से रिहाई के बाद एक्शन में अनंत सिंह, मोकामा से पहले बड़हिया का रुख… चुनाव पर भी किया बड़ा ऐलान
रवानगी के दौरान अनंत सिंह ने साफ किया कि वे फिलहाल सीधे अपने विधानसभा क्षेत्र नहीं जा रहे हैं, बल्कि बड़हिया जाकर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे। उन्होंने कहा कि अभी खेतों में कटनी का समय है, इसलिए किसान और मजदूर अपने काम में व्यस्त हैं। ऐसे में वे करीब 15 दिन बाद क्षेत्र का दौरा करेंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे।
हालांकि, उनके मोकामा क्षेत्र में रोड शो को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में समर्थक इसमें शामिल हो सकते हैं।
चुनाव को लेकर बड़ा बयान
सबसे अहम बात यह रही कि अनंत सिंह ने एक बार फिर चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान दोहराया। जब उनसे उनके बेटे के चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर वह जनता के बीच काम करेगा और खुद को साबित करेगा, तभी भविष्य में चुनाव लड़ सकता है।
गौरतलब है कि अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में हाईकोर्ट से जमानत मिली है। 20 मार्च को जमानत मिलने के बाद कोर्ट बंद होने के कारण उनकी रिहाई सोमवार को हो पाई।
अब उनकी सक्रियता ने मोकामा की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज कर दी है। आने वाले दिनों में उनका क्षेत्रीय दौरा और सियासी रुख क्या रंग लाता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।