अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी का जश्न, मेहंदी-संगीत में जमकर थिरके मेहमान, घुड़सवारी और हेलिपैड की भी खास तैयारी

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की खुशियां छाई हुई हैं। उनकी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर रस्मों और जश्न का दौर जारी है।
 

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की खुशियां छाई हुई हैं। उनकी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर रस्मों और जश्न का दौर जारी है। मंगलवार को मेहंदी और संगीत की रस्में धूमधाम से निभाई गईं।

मेहंदी की रस्म के दौरान शिवांगी गोल्डन-बेज रंग के खूबसूरत एम्ब्रॉयडरी वाले सलवार सूट में नजर आईं। इस खास मौके पर उनकी मां नीलम देवी, तीनों भाई और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। शादी समारोह में शामिल होने के लिए पंजाब से भी कई महिलाएं पहुंची हैं। संगीत के कार्यक्रम में महिलाओं ने जमकर डांस किया और शादी की खुशियों को दोगुना कर दिया।

वहीं, बेटी की शादी की तैयारियों में अनंत सिंह भी पूरी तरह जुटे हुए हैं। मंगलवार को वह खुद घुड़सवारी के मैदान की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। मैदान में बालू गिरवाकर रोलर चलवाया जा रहा है, ताकि घुड़सवारी के लिए जमीन को तैयार किया जा सके। इसके अलावा मेहमानों के लिए हेलिपैड बनाने को लेकर भी घेराबंदी की जा रही है।

इससे पहले सोमवार को शिवांगी की हल्दी और कलश की रस्म हुई थी। इस दौरान शिवांगी गुलाबी रंग के शरारा में बेहद खूबसूरत नजर आईं। स्टेज पर मां नीलम देवी और तीनों भाई भी मौजूद रहे। परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हल्दी की रस्म पूरी की।

बता दें कि शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। शादी से पहले घर में मेहंदी, संगीत और दूसरी रस्मों को लेकर उत्साह का माहौल है।