अनंत सिंह के होने वाले दामाद हल्दी की रस्म के दौरान रो पड़े, भावुक पल कैमरे में कैद

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी कल (बुधवार) उनके पैतृक गांव नदवां में होगी. सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.
 

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी कल (बुधवार) उनके पैतृक गांव नदवां में होगी. सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. तिलक समारोह के बाद बीते सोमवार (23 नवंबर, 2026) को हल्दी की रस्म पूरी हुई थी. इस रस्म के दौरान संगीत का कार्यक्रम भी हुआ था. तमाम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. इस बीच अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे भावुक होकर रोते नजर आ रहे हैं.

ऋषिकेश का जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें हल्दी की रस्म निभाई जा रही है. वह पीले रंग के कुर्ते में बैठे नजर आ रहे हैं. इस दौरान उनके जो रिश्तेदार हैं वे रस्म को पूरा करते हुए हल्दी चढ़ा रहे हैं. वीडियो में दिख रहा है कि जब ऋषिकेश की आंखों से आंसू छलक रहे हैं तो उसे हल्दी चढ़ाने वाले की ओर से पोछा जा रहा है. यही वजह है कि भावुक कर देने वाले पल का वीडियो अब खूब शेयर हो रहा है. 

इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कहा जा रहा है कि एक तरफ बाहुबली विधायक अनंत सिंह के यहां सब कुछ बड़े स्तर पर हो रहा है, टेंट से लेकर बेहतरीन सजावट का काम हो रहा है तो दूसरी ओर होने वाले दामाद के यहां सब कुछ साधारण तरीके से किया जाए रहा है. किसी तरह का कोई तामझाम नहीं है. सादगी से रस्में निभाई जा रही हैं.

ऋषिकेश के वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने एक्स पर लिखा, "ये अनंत दा के दामाद क्यूं रोने लगे… आजकल तो लड़कियां भी नहीं रोती हैं शादी में.. फिर ये क्यों?" 

बता दें कि बीते सोमवार (23 नवंबर, 2026) को अनंत सिंह के यहां भी हल्दी-मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम हुआ था. इसमें उनका पूरा परिवार नजर आ रहा था. यह कार्यक्रम भी एकदम रॉयल स्टाइल में हुआ था. आर्यन बाबू, खुशी कक्कड़, अनुपमा यादव सहित कई कलाकार गीत गाने के लिए पहुंचे थे.