मोतिहारी में गैस संकट पर फूटा गुस्सा, सिलेंडर सड़क पर रख NH जाम- डेढ़ घंटे तक ठप रहा ट्रैफिक
आक्रोश इतना ज्यादा था कि लोगों ने गैस सिलेंडर ही सड़क के बीचों-बीच रख दिए और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि 8-10 दिन पहले बुकिंग कराने के बावजूद गैस की आपूर्ति नहीं हो रही। इतना ही नहीं, कई लोगों को बिना सिलेंडर मिले ही ‘डिलीवर’ का मैसेज भेज दिया जा रहा है। एजेंसी पहुंचने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
पुलिस-प्रशासन को करनी पड़ी मशक्कत
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने की कोशिश की, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। बाद में सदर डीएसपी दिलीप कुमार के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद किसी तरह जाम समाप्त कराया गया।
सरकारी दावों पर उठे सवाल
जहां एक ओर प्रशासन जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रहे ऐसे प्रदर्शन जमीनी हकीकत की अलग तस्वीर दिखा रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की मनमानी और लापरवाही से परेशान होकर ही उन्हें सड़क पर उतरना पड़ रहा है।
यह मामला सिर्फ गैस की किल्लत का नहीं, बल्कि व्यवस्था पर भरोसे के संकट की कहानी भी बयां कर रहा है।
रिपोटर: प्रशांत कुमार, मोतिहारी