बिहार में सफाई व्यवस्था बहाल करने की अपील, डॉ. प्रेम कुमार बोले- हड़ताल का शीघ्र निकले समाधान

Patna: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने राज्यभर में नगर निगम के सफाई कर्मियों की जारी हड़ताल से उत्पन्न स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से दूरभाष पर बातचीत कर शहरी क्षेत्रों में बिगड़ती सफाई व्यवस्था और आम जनता को हो रही परेशानियों की जानकारी दी.
 

Patna: नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल का असर अब राजधानी पटना में साफ दिखाई देने लगा है. शहर की गलियों, चौराहों और मुख्य सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं. कई इलाकों में कई दिनों से कचरा उठाव नहीं होने के कारण लोग घरों का कचरा सड़क किनारे फेंकने को मजबूर हैं.

लगातार हो रही बारिश के बीच सड़ता कचरा और जलजमाव से हालात और गंभीर हो गए हैं. इससे दुर्गंध फैल रही है और डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. शहरवासियों ने जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था बहाल करने और हड़ताल का समाधान निकालने की मांग की है.

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने राज्यभर में नगर निगम के सफाई कर्मियों की जारी हड़ताल से उत्पन्न स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से दूरभाष पर बातचीत कर शहरी क्षेत्रों में बिगड़ती सफाई व्यवस्था और आम जनता को हो रही परेशानियों की जानकारी दी.

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है. कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे स्वच्छता व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है.

बारिश से बढ़ी परेशानी, बीमारी का खतरा

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के बीच कूड़े के सड़ने और जलजमाव की समस्या और गंभीर हो गई है. इससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है.

आंदोलन खत्म कराने की अपील

विधानसभा अध्यक्ष ने मंत्री नीतीश मिश्रा से आग्रह किया कि सफाई कर्मियों की समस्याओं का जल्द समाधान निकालते हुए आंदोलन समाप्त कराने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाए. उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था जल्द सामान्य होना जरूरी है, ताकि लोगों को राहत मिल सके.

संवाद से निकले समाधान

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि स्वच्छता नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवन का आधार है. इसलिए सरकार, नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मियों के बीच आपसी संवाद के माध्यम से इस समस्या का शीघ्र समाधान निकाला जाना चाहिए.

उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल्द ही प्रभावी निर्णय लेगी, जिससे नगर निगम क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बहाल हो सके और आम जनता को राहत मिले.