बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दी श्रद्धांजलि, कहा—‘सामाजिक न्याय के महान पुरोधा थे बाबूजी’

 

 

Bihar News: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पूर्व उप प्रधानमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी और प्रख्यात समाज सुधारक बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहा, जो आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

डॉ. प्रेम कुमार ने अपने संदेश में कहा कि ‘बाबूजी’ के नाम से लोकप्रिय जगजीवन राम ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश के नव निर्माण में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने संविधान सभा के सदस्य के रूप में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और राष्ट्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाई।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बाबू जगजीवन राम वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के सशक्त पक्षधर थे। उन्होंने सामाजिक समरसता और समान अवसर की भावना को हमेशा प्राथमिकता दी तथा समाज के हर वर्ग को सम्मान और न्याय दिलाने के लिए निरंतर कार्य किया।

उन्होंने यह भी कहा कि संसद और केंद्रीय मंत्रिमंडल में बाबू जगजीवन राम का लंबा और प्रभावशाली कार्यकाल भारतीय संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उनके सिद्धांत, विचार और जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का व्यक्तित्व और कृतित्व देश के लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक न्याय की भावना को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उनके आदर्श आज भी समाज में समानता, समरसता और सेवा के पथ पर आगे बढ़ने का संदेश देते हैं।