GST दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का संदेश, बोले- ‘एक देश, एक कर’ व्यवस्था ने बदली भारत की अर्थव्यवस्था

 

Bihar News: वस्तु एवं सेवा कर (GST) दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीएसटी ने भारत को एक मजबूत और एकीकृत कर व्यवस्था प्रदान की है। इससे न केवल पूरे देश को एक साझा बाजार के रूप में पहचान मिली है, बल्कि कर प्रणाली भी पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी बनी है।

बिहार विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि GST दिवस भारत के उस ऐतिहासिक कर सुधार की याद दिलाता है, जिसने केंद्र और राज्यों की अलग-अलग अप्रत्यक्ष कर व्यवस्थाओं को एक मंच पर लाकर देश में ‘एक देश, एक कर’ की व्यवस्था लागू की।

कर व्यवस्था हुई आसान और पारदर्शी

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जीएसटी लागू होने से पहले वैट, सेवा कर, उत्पाद शुल्क समेत कई तरह के अप्रत्यक्ष कर लागू थे, जिससे कर प्रणाली काफी जटिल थी। लेकिन जीएसटी के आने के बाद इन सभी करों को एकीकृत कर दिया गया, जिससे व्यापार करना आसान हुआ और कर व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनी।

अर्थव्यवस्था को मिली नई दिशा

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि जीएसटी ने भारतीय अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव लाया है। नई कर व्यवस्था तकनीक आधारित होने के कारण कर संग्रह की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनी है। इससे कारोबारियों को सुविधा मिली है और देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि जीएसटी केवल कर सुधार नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक एकता और सुशासन की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। यह व्यवस्था आने वाले समय में भी देश के आर्थिक विकास को नई गति देती रहेगी।