विधायक आवास की समस्याओं पर विधानसभा अध्यक्ष की उच्चस्तरीय बैठक, नए आवासीय परिसर के निर्माण पर बनी सहमति
Bihar news: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर विधायक आवासीय परिसर और विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों के लिए आवास संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर में आ रही समस्याओं के समाधान और आवश्यक सुविधाओं को जल्द उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मंत्री को विधायक आवासीय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी और वहां रह रहे जनप्रतिनिधियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने परिसर में आवश्यक सुविधाओं को शीघ्र बहाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसके अलावा गर्दनीबाग स्थित विधानसभा आवासीय परिसर के ब्लॉक ए, बी, सी और डी में विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त आवास उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सचिवालय में बढ़ते कार्यबल को देखते हुए नए आवासीय परिसर के निर्माण की जरूरत पर भी चर्चा हुई।
भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने बैठक में आश्वासन दिया कि विधायक आवासीय परिसर में मौजूद सभी प्रमुख समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने गर्दनीबाग स्थित आवासीय परिसर में अतिरिक्त आवास उपलब्ध कराने पर सहमति जताई।
इसके साथ ही आर ब्लॉक के समीप विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नए बहुमंजिला आवासीय परिसर के निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी देने पर सहमति बनी।
बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित विभाग और विधानसभा सचिवालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस बैठक को विधानसभा से जुड़े बुनियादी ढांचे और आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।