ICC Renewable Energy Expo 2026 में बोले विधानसभा अध्यक्ष: स्वच्छ ऊर्जा से बनेगा आत्मनिर्भर बिहार

 

Bihar news: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा है कि स्वच्छ ऊर्जा न केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम है, बल्कि आत्मनिर्भर बिहार और विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार आने वाले वर्षों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित करेगा।

पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ICC Renewable Energy Expo 2026 को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि हरित ऊर्जा, सतत विकास और निवेश को बढ़ावा देने वाला प्रभावशाली मंच है। उन्होंने भारतीय चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उद्योग, सरकार और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ जैसी योजनाओं ने आम लोगों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने का कार्य किया है। बिहार में भी बड़ी संख्या में परिवार सौर ऊर्जा को अपनाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि भारत ने वर्ष 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में व्यापक विस्तार और वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इन राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल करने में बिहार की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और राज्य में उपलब्ध संसाधन, सरकारी प्रोत्साहन तथा निजी निवेश इस दिशा में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम में शामिल सोलर डेवलपर्स, ईपीसी कंपनियों, निर्माताओं, वित्तीय संस्थानों और निवेशकों का आह्वान करते हुए कहा कि बिहार में स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और तकनीकी विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि नवाचार और आधुनिक तकनीक के जरिए ऊर्जा क्षेत्र को नई दिशा दी जा सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार अब केवल ऊर्जा उपभोक्ता राज्य नहीं रहा, बल्कि सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से स्वच्छ ऊर्जा आधारित विकास मॉडल को मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, उद्योगपतियों, निवेशकों, उद्यमियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नई तकनीकों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।