कटिहार में जनसंवाद के बाद मुखिया पर हमला, शिकायत उठाने के अगले दिन मारपीट- वीडियो आया सामने

 
Bihar news: कटिहार जिले के रोशना थाना क्षेत्र से जनसंवाद कार्यक्रम के बाद मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। यहां स्थानीय मुखिया के साथ कथित तौर पर हमला किया गया, जिसका वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले रोशना थाना परिसर में एसपी शिखर चौधरी की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। इसी दौरान मुखिया प्रमोद कुमार सिंह ने क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन और सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत उठाई थी।

बताया जा रहा है कि शिकायत के अगले दिन सड़क निर्माण की जांच के लिए विभागीय टीम गांव पहुंची। इसी दौरान कुछ लोग नाराज हो गए और मुखिया पर हमला कर दिया। आरोप है कि कई लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। घटना के समय कुछ देर के लिए गांव में अफरा-तफरी मच गई।

मुखिया प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि उन्होंने जनसंवाद में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया था, फिर भी अवैध काम से जुड़े लोगों ने उन्हें निशाना बनाया। उनका दावा है कि मारपीट की घटना का वीडियो भी मौजूद है।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मुखिया ने एसपी को फोन कर जानकारी दी, जिसके बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।